उत्तर-पूर्वी यूक्रेन के सुमी क्षेत्र में रूस के ड्रोन हमले में एक पैसेंजर बस को निशाना बनाया गया, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए। सुमी क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन ने शनिवार सुबह बिलोपिलिया शहर के पास इस हमले की पुष्टि की। यह हमला उस वक्त हुआ जब रूस और यूक्रेन ने 2022 के बाद पहली बार शांति वार्ता के लिए सीधे बातचीत की थी।
सुमी प्रशासन ने टेलीग्राम पोस्ट में बताया, “बिलोपिलिया के नज़दीक एक दुश्मन ड्रोन द्वारा पैसेंजर बस पर हमला किया गया, जिससे नौ लोगों की मौत और चार घायल हो गए।” अभी तक रूस की सेना ने इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
तुर्की के इस्तांबुल में शुक्रवार को रूस और यूक्रेन के बीच हुई बातचीत में युद्ध समाप्ति पर कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई, हालांकि दोनों पक्षों ने आने वाले दिनों में एक-दूसरे को 1000 युद्धबंदियों के आदान-प्रदान पर सहमति जताई है।
साल 2022 के फरवरी में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया था, जो तब से जारी है।
